
रिपोर्ट – अरविंद कुमार यादव संवाददाता लखनऊ
बीबीडी थाना क्षेत्र के खरगापुर स्थित गंगोत्री विहार फेज-टू कॉलोनी में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या को लेकर शुक्रवार को विवाद खड़ा हो गया। नगर निगम की टीम जब अंतरिम व्यवस्था के तहत बंद किए गए कच्चे नाले को खोलने पहुंची, तो मौके पर सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों के बीच तीखी बहस हो गई।
इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद ममता रावत ने गाजीपुर के जखनिया विधानसभा क्षेत्र से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधायक बेदी राम पर नाले की खुदाई रुकवाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया। पार्षद का कहना है कि जल निकासी खोलने की कोशिश पर विधायक ने आपत्ति जताई और निगम कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया।
विवाद के समय हुई बहस का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे मामला और तूल पकड़ गया है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगोत्री विहार फेज-टू के हजारों निवासी हर वर्ष बारिश के मौसम में जलभराव से परेशान रहते हैं, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, समस्या के अस्थायी समाधान के लिए नाले को खोला जा रहा था, ताकि जल निकासी सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
LIvetvexpress.in.net Online News Portal