रिपोर्ट- अनिल शुक्ला ब्यूरो बस्ती
बस्ती।बस्तीजिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जनपद बस्ती के थाना कप्तानगंज में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम थाना प्रभारी कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिला आरक्षी अर्चना सिंह और पूजा यादव ने कप्तानगंज चौराहे पर उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कानूनी अधिकारों के बारे में बताया। साथ ही, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें शामिल हैं: 1090 (वीमेन पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एंबुलेंस सेवा), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), और थाना कप्तानगंज का सीयूजी नंबर 9454403114। महिलाओं और बालिकाओं से अपील की गई कि वे अपने खिलाफ होने वाले किसी भी अपराध के विरुद्ध आवाज उठाएं और इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। कार्यक्रम के तहत महिला आरक्षी अर्चना सिंह और पूजा यादव ने कप्तानगंज क्षेत्र में एंटी-रोमियो चेकिंग अभियान भी चलाया। इस दौरान वायरलेस चौराहा, कप्तानगंज चौराहा और एसबीआई अंडरपास जैसे प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई। इस अभियान में दो व्यक्तियों से माफीनामा भरवाया गया। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति के उद्देश्यों- नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन- को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस प्रशासन ने महिलाओं से अपील की कि वे निडर होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आएं और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या हेल्पलाइन नंबरों से संपर्क करें।