
ब्यूरो रिपोर्ट
जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला भौराजीपुर स्थित सिपाह पुलिस चौकी के ठीक बगल में मौजूद करोड़ों रुपये मूल्य की निजी जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा कथित रूप से कब्जा करने का प्रयास किया गया। जमीन के स्वामी पूजा यादव, मुख्तार अहमद व धर्मेंद्र मौर्य ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दे कर आरोप लगाया है कि कुछ दबंग प्लाटर्स पुलिस की मिलीभगत से बार-बार विवादित भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश कर रहे हैं।
आरोपियों के अनुसार, जमीन पर पहले से सीमा-रेखा बनी हुई है और वहाँ पर गेट लगा हुआ था, जिसका ताला 25 मई 2026 को तोड़ कर जबरन प्रवेश कर कब्जा करने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि कई बार कब्जे के प्रयासों को मौके पर पहुंच कर रोका गया। भूमि के कुछ हिस्सों पर पुरानी कबाड़ गाड़ी भी रखी हुई है, जिसे उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने सीज़ किया था।
शिकायत में कहा गया है कि जिन लोगों पर कब्जे का आरोप है, उनका न तो इस जमीन में कोई हिस्सा है और न ही उनके या उनके परिवार के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज हैं। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर पत्थरबाज़ी और गुंडागर्दी पर रोक लगायी जाए, अन्यथा शांति भंग होने या बड़ी घटना घटने का खतरा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर विवादित जमीन पर भू-माफियाओं के कब्जे के प्रयास रोकने और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। संबंधित थाना और स्थानीय प्रशासन ने अब तक क्या कदम उठाए हैं, इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
LIvetvexpress.in.net Online News Portal