
रिपोर्ट- समीर नक़वी संवाददाता लखनऊ
लखनऊ, 9 सितंबर। श्री बालाजी शक्तिपीठ, भूतनाथ, इंदिरानगर में भगवान श्रीकृष्ण की छठी पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का विशेष श्रृंगार किया गया। सेवादारों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कढ़ी-चावल का भोग अर्पित किया गया। शाम चार बजे से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह तथा भाजपा अवध क्षेत्र के महामंत्री राजीव मिश्रा ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी बाल गोपाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री बालाजी शक्तिपीठ भूतनाथ के मुख्य सेवादार एवं भाजपा नेता दिलीप श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि मंदिर में प्रतिवर्ष श्रीकृष्ण छठी का पर्व परंपरागत श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज को धर्म, सत्य, न्याय और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में सेवा, सद्भाव और संस्कारों की भावना को मजबूत करना भी है।
इस दौरान श्रद्धालुओं और सेवादारों ने भगवान श्रीकृष्ण से सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना करते हुए सत्य और धर्म की राह पर चलने का संकल्प लिया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में अनूप त्रिपाठी, अनुराग श्रीवास्तव, प्रांजल राजपूत, अरविंद श्रीवास्तव, कौशल कुमार, रमेश गौड़ सहित बड़ी संख्या में सेवादार एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
LIvetvexpress.in.net Online News Portal